सेवा परमो धर्म:।।🌺🌺🌺

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाहजी श्री भय्या जी जोशी व मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराजजी सिहं चौहान जी ने संघ के सेवा विभाग की वेबसाइट www.sevagatha.org का लोकार्पण आज भोपाल में किया।
इस अवसर पर सरकार्यवाह जी ने कहा कि समाज के अपने बंधुओं की पीड़ा और वेदना को समझने के लिए मन संवेदनशील होना चाहिए। सेवा कोई स्पर्द्धा का विषय नहीं है। किसने अधिक सेवा की यह विचार करना निम्न स्तर की भावना है। सेवा आंकड़ों में गिनने की बात नहीं, अपितु अनुभूति का विषय है। सेवा के विषय में हमें यह समझना होगा कि सेवा कभी भी योजना करके नहीं की जाती है। जब हम समाज की वेदना और पीड़ा को समझ लेते हैं, सेवा कार्य प्रारंभ हो जाते हैं।

सेवागाथा वेबसाइट पर संघ के स्वयंसेवकों द्वारा किए जा रहे सेवाकार्यों की जानकारी और प्रेरक प्रसंग प्रकाशित होंगे। लोकार्पण कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, संघ के मध्यभारत प्रांत के संघचालक सतीश पिंपलीकर और सह प्रांत संघचालक अशोक पाण्डे उपस्थित रहे।
भैय्याजी जोशी ने अपने उद्बोधन में आगे कहा कि अपने परिवार के किसी व्यक्ति की दुर्बलता को दूर करने के लिए विज्ञापन नहीं किया जाता है। उसको सक्षम बनाने के प्रयास का प्रचार नहीं किया जाता। समाजरूपी परिवार के दुर्बल वर्गों के लिए भी यही भाव रखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सेवा करते समय यह भाव मन में नहीं आना चाहिए कि हम कोई पुण्य कार्य कर रहे हैं। सेवा पुण्य कार्य नहीं है, अपितु करणीय कार्य है। यह हमारा कर्तत्व है। इसलिए सेवाकार्य करते समय यही विचार करना चाहिए कि हम अपने कर्तव्य का निर्वहन कर रहे हैं, कोई विशेष कार्य नहीं कर रहे।
भैय्याजी ने बताया कि समाज में चार वर्ग हैं, जिनके संबंध में हमें विचार करना चाहिए। एक वर्ग आर्थिक रूप से बहुत दुर्बल है। दूसरा वर्ग किन्ही कुरीतियों के कारण सम्मान से अछूता है, जिसे हम कथित तौर पर दलित कहते हैं। तीसरा वर्ग घूमंतु समाज है, जो अस्थिर जीवन जी रहा है। नागरिक अधिकारों से वंचित है और चौथा वर्ग वनवासी समाज है। यह वर्ग बुनियादी सुविधाओं से भी वंचित है। इन वर्गों को देखकर हमारे मन में स्वत: ही यह भाव उत्पन्न होना चाहिए कि इस समाज के प्रति हम अपने कर्तव्य का निर्वहन करें। इन वर्गों को सम्मान दें, उन्हें अपने बराबर में लाकर खड़ा करें और उनको न्यूनतम सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था बनाएं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जी ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ समाज के भीतर निष्काम भाव से सेवाकार्य कर रहा है। विद्याभारती, सेवाभारती, भारतीय मजदूर संघ, भारतीय किसान संघ जैसे अनुषांगिक संगठन समाज के विभिन्न क्षेत्रों में रचनात्मक कार्य कर रहे हैं। भोपाल में ही मातृछाया और आनंदधाम जैसे अनूठे प्रयास सेवाभारती द्वारा संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में अच्छाई और बुराई के बीच संघर्ष चल रहा है। इसलिए समय की आवश्यकता है कि अच्छे कार्य में संलग्न लोगों के बारे में समाज जाने, ताकि शेष समाज भी रचनात्मक कार्य की ओर बढ़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *