राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, प्रतिनिधि सभा के बैठक स्थल पर विशेष प्रदर्शनी का शुभारंभ

सिखों के नौवें गुरु श्री गुरु तेग बहादुर के जीवन से जुड़े चित्र विशेष आकर्षण का केंद्र

समालखा (पानीपत) | पानीपत के पट्टीकल्याणा स्थित माधव सृष्टि केंद्र में एक विशेष प्रदर्शनी लगाई गई है। इस प्रदर्शनी में विशेष रूप से नौवें सिख गुरु महान बलिदानी श्री तेगबहादुर जी के जीवन की झलकियां तथा हरियाणा प्रदेश के ऐतिहासिक, पौराणिक स्थलों के साथ विभिन्न महान विभूतियों के जीवन, विचारों और समाज के प्रति उनके योगदान को प्रदर्शित किया गया है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह डॉ कृष्ण गोपाल ने दीप प्रज्ज्वलन कर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। उन्होंने भारत माता और सिखों के गुरु श्री गुरु तेग बहादुर जी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। ज्ञातव्य है कि माधव सृष्टि केन्द्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक आयोजित है।

प्रदर्शनी के चार प्रमुख हिस्से हैं जिसमें एक हिस्से में हरियाणा के महान स्वतंत्रता-सेनानी, वीर योद्धा, महान खिलाड़ियों सहित विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि प्राप्त महान व्यक्तित्वों के चित्र एवं विवरण हैं। वहीं एक दूसरे भाग में सिखों के नवम गुरु श्री गुरु तेग बहादुर के जीवन के अनेक महत्वपूर्ण प्रसंगों को चित्रों के माध्यम से दिखाया गया है। देश और समाज के लिए अपना सर्वस्व बलिदान करने वाले श्री गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान का यह 350 वां वर्ष है और इस अवसर पर यह प्रदर्शनी आगंतुकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इसके अतिरिक्त प्रदर्शनी सरस्वती नदी तथा महान ग्रंथ भगवदगीता से हरियाणा की भूमि के सनातन संबंध को दर्शाने वाली सामग्री भी प्रदर्शित की गई है। प्रदर्शनी में हरियाणा में संघ कार्य के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले महान दिवंगत स्वयंसेवकों के भी चित्र लगाए गए हैं।

प्रदर्शनी में प्रथम खालसा राज्य की राजधानी लोहगढ़ किला, श्री गुरु तेग बहादुर जी व उनके जीवन से संबंधित विभिन्न घटनाओं के चित्र हैं तथा मुख्य रूप से खानपुर कलां में स्थित उत्तर भारत के प्रथम महिला विश्वविद्यालय के संस्थापक तथा नारी शिक्षा के पुरोधा भक्त फूलसिंह, हरियाणवी रागनी विधा के शिखर पुरुष व महान सूर्य कवि दादा लख्मीचंद, महान किसान नेता दीनबंधु सर छोटू राम, स्वतंत्रता सेनानी और महान योद्धा राव तुलाराम, 1857 की क्रांति के बलिदानी सेठ हुकुमचंद जैन, अंग्रेजों के विरुद्ध संघर्ष छेड़ने वाले बल्लभगढ़ के राजा नाहर सिंह, श्री गुरु तेग बहादुर के शीश के सम्मान की रक्षा के लिए अपना शीश देने वाले सोनीपत के बढ़खालसा गांव के कुशाल सिंह दहिया, औरंगजेब से लड़ने वाले महान वीर गोकुला जाट, मेवात में मतांतरण रोकने वाले दादा कान्हा, बाजे भगत, कवि फौजी मेहर सिंह, प्रसिद्ध संगीतकार पंडित जसराज, परमवीर चक्र विजेता होशियार सिंह, जनरल वीके सिंह, जनरल दलबीर सिंह सुहाग, निर्धन बालकों को शिक्षा देने वाले सेठ छज्जूराम, गौ रक्षक हरफूल जाट, हसन खान मेवाती, क्रिकेटर कपिल देव, ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा, साइना नेहवाल, बाबा रामदेव दिल्ली की गद्दी पर अंतिम हिंदू सम्राट हेमचंद्र विक्रमादित्य, आर्य समाजी स्वामी उमानंद सरस्वती, बॉलीवुड कलाकार रणदीप हुड्डा, संगीतकार जोड़ी जतिन ललित जैसे हरियाणा की महान विभूतियों के चित्र प्रदर्शित किए गए हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के दिवंगत प्रचारकों के चित्र व जीवन परिचय भी प्रदर्शनी में दिखाए गए हैं।

हरियाणा प्रांत के प्रचार प्रमुख राजेश कुमार ने बताया कि प्रदर्शनी के माध्यम से आने वाले दर्शकों को महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेने और उनके बताए मार्ग पर चलने का संदेश दिया जा रहा है। इसमें उनके जीवन की महत्वपूर्ण घटनाओं, विचारों और उपलब्धियों को सरल व आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया गया है, जिससे युवा पीढ़ी को भी उनके आदर्शों को समझने का अवसर मिल सके।

उन्होंने बताया कि इस प्रदर्शनी का उद्देश्य समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना तथा महान व्यक्तित्वों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना है। प्रदर्शनी को देखने के लिए बड़ी संख्या में प्रतिनिधि पहुंच रहे हैं और इसे लेकर प्रतिनिधियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

राजेश कुमार ने कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनी समाज में प्रेरणा और जागरूकता का वातावरण तैयार करती हैं तथा युवाओं को देश और समाज के लिए सकारात्मक कार्य करने की प्रेरणा देती है।

About विश्व संवाद केंद्र छत्तीसगढ़

View all posts by विश्व संवाद केंद्र छत्तीसगढ़ →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *