छत्तीसगढ़ के पुन्नी मेले: धार्मिक आस्था, लोकपरम्परा और सांस्कृतिक विरासत

कार्तिक पूर्णिमा की सुबह है। रात का अंधेरा अभी पूरी तरह छँटा नहीं है। खारुन नदी के महादेवघाट पर लोगों की आवाजाही शुरू हो चुकी है। कोई स्नान के लिए नदी की सीढ़ियाँ उतर रहा है, कोई हाथ में फूल, नारियल और अगरबत्ती लिए मंदिर की ओर बढ़ रहा है। कहीं पूजा की तैयारी है तो कहीं चाय, जलेबी और पकवानों की दुकानें सज रही हैं। आसपास के गाँवों से आए लोगों के लिए यह केवल नदी में स्नान करने का अवसर नहीं है। साल भर बाद मिलने वाले परिचितों से मुलाकात, बच्चों के लिए मेले की सैर और परिवार के साथ बिताए जाने वाले कुछ घंटों का भी अपना आकर्षण है। इसी दिन छत्तीसगढ़ के अनेक नदी घाटों पर पुन्नी मेले की परम्परा अपने पुराने स्वरूप में दिखाई देती है।

छत्तीसगढ़ में पूर्णिमा को स्थानीय बोलचाल में ‘पुन्नी’ कहा जाता है। इसी से पूर्णिमा के अवसर पर लगने वाले मेलों को पुन्नी मेला कहा जाने लगा। इन मेलों की विशेषता यह है कि इनके आयोजन के पीछे धार्मिक विश्वास अवश्य है, लेकिन इनका स्वरूप केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं रहा। नदी, मंदिर, ग्राम देवता, लोककथाएँ, स्नान, दान, दीपदान और सामूहिक भोजन जैसी अनेक परम्पराएँ इसमें एक साथ दिखाई देती हैं। पुन्नी मेले की यही विशेषता उसे छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाती है।

पुन्नी मेले की धार्मिक पृष्ठभूमि
छत्तीसगढ़ में पुन्नी मेले की परम्परा को समझने के लिए कार्तिक पूर्णिमा के धार्मिक महत्व को जानना आवश्यक है। हिन्दू पंचांग में कार्तिक मास को स्नान, दान और दीपदान के लिए विशेष पुण्यदायी माना गया है। मान्यता है कि इस महीने में नदी अथवा जलाशय में स्नान करने और भगवान विष्णु तथा शिव की आराधना करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली भी कहा जाता है। ऐसी धार्मिक मान्यता है कि इस दिन देवता भी पृथ्वी पर आकर पवित्र नदियों में स्नान करते हैं और दीपोत्सव मनाते हैं।

छत्तीसगढ़ में महानदी, शिवनाथ, खारुन, पैरी, सोंढूर और अन्य नदियों के किनारे बसे गाँवों में इस धार्मिक मान्यता का प्रभाव दिखाई देता है। पूर्णिमा के अवसर पर नदी में स्नान करना, सूर्य को अर्घ्य देना, मंदिरों में पूजा करना और दीपदान करना इस परम्परा के प्रमुख अंग हैं। नदी के घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगती है। ग्रामीण महिलाएँ पूजा की थाली लेकर पहुँचती हैं। पुरुष स्नान के बाद शिव मंदिरों में जल चढ़ाते हैं। कहीं सत्यनारायण कथा होती है तो कहीं भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाता है।

रायपुर के खारुन नदी तट पर स्थित महादेवघाट का पुन्नी मेला इस परम्परा का उल्लेखनीय उदाहरण है। यहाँ हटकेश्वर महादेव मंदिर के कारण नदी और शिव आराधना का विशेष संबंध दिखाई देता है। स्थानीय मान्यता के अनुसार कलचुरी राजा ब्रह्मदेव ने संतान प्राप्ति के लिए हटकेश्वर महादेव की आराधना की थी। मनोकामना पूर्ण होने के बाद उन्होंने वर्ष 1428 में मंदिर का निर्माण कराया और कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर प्रजा के लिए भोज तथा मनोरंजन की व्यवस्था की। कालांतर में यह आयोजन पुन्नी मेले के रूप में प्रसिद्ध हुआ। इस कथा के ऐतिहासिक विवरणों के साथ स्थानीय जनविश्वास भी जुड़ा हुआ है।

इस मेले में धार्मिक अनुष्ठान के साथ ग्रामीण जीवन की सहजता भी दिखाई देती है। सुबह नदी में स्नान के बाद हटकेश्वर महादेव के दर्शन करना श्रद्धालुओं की प्राथमिकता रहती है। मेले में बच्चों के लिए झूले, खिलौनों की दुकानें, मिठाइयाँ और ग्रामीण उपयोग की वस्तुएँ आकर्षण का केन्द्र बनती हैं। आसपास के गाँवों से आने वाले लोग इस अवसर पर अपने परिचितों और रिश्तेदारों से भी मिलते हैं।

यहाँ एक रोचक लोकपरम्परा बच्चों को खीर खिलाने की भी रही है। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बच्चे घर-घर जाकर खीर खाते हैं। इस छोटी-सी परम्परा में धार्मिक प्रसाद और सामुदायिक आत्मीयता दोनों का भाव दिखाई देता है।

पुन्नी मेलों की चर्चा में राजिम का उल्लेख विशेष रूप से आवश्यक है। यहाँ एक महत्वपूर्ण अंतर समझना चाहिए। राजिम का प्रसिद्ध माघी पुन्नी मेला कार्तिक पूर्णिमा पर नहीं, बल्कि माघ पूर्णिमा से प्रारंभ होता है और महाशिवरात्रि तक चलता है। इसे छत्तीसगढ़ के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में गिना जाता है।

महानदी, पैरी और सोंढूर नदियों के संगम पर स्थित राजिम को छत्तीसगढ़ का प्रयाग कहा जाता है। इस स्थान की धार्मिक प्रतिष्ठा का आधार केवल त्रिवेणी संगम नहीं है। यहाँ स्थित राजीवलोचन मंदिर भगवान विष्णु को समर्पित है, जबकि संगम के बीच कुलेश्वर महादेव मंदिर शिव आराधना का प्रमुख केन्द्र है। पास ही लोमस ऋषि का आश्रम भी धार्मिक परम्परा से जुड़ा हुआ है। इस प्रकार एक ही तीर्थ क्षेत्र में वैष्णव और शैव उपासना के केन्द्र दिखाई देते हैं।

माघ पूर्णिमा के दिन संगम स्नान का विशेष महत्व है। श्रद्धालु स्नान के बाद मंदिरों में दर्शन करते हैं। कुछ लोग पितरों के निमित्त श्राद्ध, तर्पण और पिंडदान जैसे कर्मकांड भी सम्पन्न करते हैं। मेले में साधु-संतों का समागम, धार्मिक प्रवचन, भजन और महानदी की आरती धार्मिक वातावरण को और अधिक विशिष्ट बनाते हैं।

राजिम के मेले में शाही स्नान की परम्परा भी उल्लेखनीय है। माघ पूर्णिमा, जानकी जयंती और महाशिवरात्रि के अवसर पर साधु-संतों और विभिन्न अखाड़ों के महंतों का स्नान आयोजित होता है। नागा साधुओं के जुलूस और अखाड़ों की परम्पराएँ इस आयोजन को व्यापक धार्मिक स्वरूप देती हैं।

पुन्नी मेले की परम्परा में नदी केवल स्नान करने का स्थान नहीं है। उसे जीवनदायिनी और पवित्र शक्ति के रूप में देखा जाता है। छत्तीसगढ़ के ग्रामीण समाज में नदी के प्रति यह सम्मान बहुत पुराना है। खेतों की सिंचाई, पेयजल, मछली और दैनिक आवश्यकताओं के लिए नदी पर निर्भर रहने वाले समाज ने उसे अपने धार्मिक विश्वासों में भी स्थान दिया।

नदी में स्नान के बाद सूर्य को अर्घ्य देने की परम्परा का संबंध वैदिक उपासना से भी जोड़ा जा सकता है। सूर्य को जल अर्पित करना, जल को हाथों में लेकर संकल्प करना और पितरों के लिए तर्पण करना धार्मिक कर्मकांड के परिचित रूप हैं। दीपदान में भी एक विशेष भाव है। नदी के किनारे अथवा जल में दीप प्रवाहित करके श्रद्धालु अपने परिवार की सुख-समृद्धि और पितरों की शांति की कामना करते हैं।

इन धार्मिक क्रियाओं में जल, सूर्य, अग्नि और पृथ्वी जैसे प्राकृतिक तत्वों की उपस्थिति सहज रूप से दिखाई देती है। यही कारण है कि पुन्नी मेले की परम्परा को केवल मंदिरों और धार्मिक स्थलों तक सीमित करके नहीं समझा जा सकता।

छत्तीसगढ़ की धार्मिक परम्पराओं में ग्राम देवताओं और स्थानीय देवी-देवताओं का महत्वपूर्ण स्थान रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में किसी विशेष तिथि पर मेला अथवा मड़ई आयोजित करने की परम्परा इसी लोकविश्वास से जुड़ी है। इन आयोजनों में ग्राम देवता की पूजा, देवी की सवारी, पारम्परिक वाद्ययंत्र, नृत्य और सामूहिक भोज जैसे आयोजन होते हैं।

विशेषकर बस्तर और सरगुजा अंचल में धार्मिक आस्था के अपने विशिष्ट रूप मिलते हैं। यहाँ देवस्थानों, देवगुड़ियों और पवित्र उपवनों से जुड़ी परम्पराएँ स्थानीय समुदायों के धार्मिक जीवन का हिस्सा हैं। कुछ क्षेत्रों में माघ महीने के दौरान पुन्नी मेले और मड़ई आयोजित किए जाते हैं। इन अवसरों पर देवी-देवताओं के प्रति श्रद्धा प्रकट करने के साथ लोकनृत्य, गीत और सामुदायिक मेल-मिलाप भी होता है।

इन परम्पराओं को राजिम अथवा महादेवघाट के पुन्नी मेले के समान स्वरूप वाला नहीं मानना चाहिए। अलग-अलग अंचलों में पूर्णिमा, माघ, फागुन और स्थानीय देवी-देवताओं से जुड़ी धार्मिक तिथियों के अनुसार मेलों का स्वरूप बदलता रहता है। लेकिन इनमें एक समानता अवश्य है। धार्मिक अनुष्ठान के साथ स्थानीय समाज की सामूहिक भागीदारी।

मेले में धर्म के साथ लोकजीवन
पुन्नी मेले में आने वाले हर व्यक्ति का उद्देश्य केवल पुण्य अर्जित करना नहीं होता। कोई मंदिर में मनौती माँगने आता है, कोई नदी में स्नान करने, तो कोई परिवार के साथ मेला घूमने। दुकानदारों के लिए यह व्यापार का अवसर है और बच्चों के लिए झूले, खिलौने तथा मिठाइयों का आकर्षण।

धान की कटाई और कृषि कार्यों के महत्वपूर्ण चरणों के बाद ग्रामीण जीवन में मेलों का आयोजन विशेष उत्साह लेकर आता है। राजिम जैसे मेलों में स्थानीय खाद्य पदार्थ, लोककलाकार, नटों के प्रदर्शन, पारम्परिक गीत-संगीत और बाजार इस आयोजन को धार्मिक सीमा से बाहर निकालकर व्यापक लोकजीवन से जोड़ते हैं।

इन मेलों में धर्म और मनोरंजन के बीच कोई कठोर विभाजन दिखाई नहीं देता। सुबह मंदिर में दर्शन करने वाला व्यक्ति दोपहर में बाजार घूमता है और शाम को भजन अथवा सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होता है। शायद यही वजह है कि ग्रामीण समाज में मेले की प्रतीक्षा केवल धार्मिक तिथि के कारण नहीं होती, बल्कि उसके साथ जुड़ी स्मृतियों के कारण भी होती है।

समय के साथ पुन्नी मेलों का स्वरूप भी बदला है। पहले नदी के घाटों पर स्थानीय स्तर पर लगने वाले मेले अब कई स्थानों पर बड़े आयोजनों में परिवर्तित हो गए हैं। प्रशासनिक व्यवस्थाएँ बढ़ी हैं, आवागमन के साधन बेहतर हुए हैं और धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहन मिला है। राजिम का मेला इसका उदाहरण है। इसके आयोजन को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है और देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु यहाँ पहुँचते हैं।

लेकिन इन आयोजनों के विस्तार के साथ कुछ प्रश्न भी जुड़े हैं। नदी में प्लास्टिक, पूजन सामग्री और अन्य कचरा डालने से जल प्रदूषण बढ़ता है। श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या के कारण घाटों और नदी तटों की स्वच्छता बनाए रखना चुनौती बन जाता है। जिस नदी को पवित्र मानकर उसमें स्नान किया जाता है, उसी नदी को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी भी धार्मिक आस्था का हिस्सा बननी चाहिए।

नदी की पवित्रता केवल धार्मिक आस्था से नहीं, उसके निर्मल जल और सुरक्षित पारिस्थितिकी से भी बनी रहती है।

पुन्नी मेले की वास्तविक पहचान
छत्तीसगढ़ के पुन्नी मेले हमारी उस परम्परा के परिचायक हैं जिसमें धार्मिक आस्था ने लोकजीवन के अनेक पक्षों को अपने साथ जोड़ा है। इनमें शिव और विष्णु की आराधना है, नदी और सूर्य के प्रति श्रद्धा है, पितरों के निमित्त धार्मिक कर्मकांड हैं और ग्राम देवताओं से जुड़े लोकविश्वास भी हैं। कहीं साधु-संतों का समागम है तो कहीं ग्रामीण महिलाओं के समूह, बच्चों की चहल-पहल और स्थानीय दुकानदारों की आजीविका।

इन मेलों को देखते हुए एक बात विशेष रूप से ध्यान खींचती है। सदियों से नदी के किनारे बसे समाज ने अपने धार्मिक आयोजनों के लिए उन्हीं स्थानों को चुना जहाँ से उसका जीवन चलता रहा। नदी से पानी लिया, खेतों को सींचा, मछलियाँ प्राप्त कीं और फिर उसी नदी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए उसके तट पर एकत्र हुआ।

पुन्नी मेले की परम्परा का यह पक्ष आज भी प्रासंगिक है। धार्मिक अनुष्ठानों और लोकविश्वासों के पीछे छिपे प्रकृति के प्रति सम्मान को समझने की आवश्यकता है। यदि आने वाली पीढ़ियाँ पुन्नी मेले में केवल झूले, दुकानें और भीड़ ही देखेंगी, तो इस परम्परा का एक महत्वपूर्ण पक्ष उनसे छूट जाएगा। उन्हें यह भी जानना चाहिए कि उनके पुरखों ने नदी को केवल पानी का स्रोत नहीं माना था। उसके साथ धार्मिक आस्था, जीवन और सामुदायिक स्मृतियाँ भी जुड़ी थीं।

  • आचार्य ललित मुनि

About विश्व संवाद केंद्र छत्तीसगढ़

View all posts by विश्व संवाद केंद्र छत्तीसगढ़ →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *