
रेल यात्रियों को दिया स्वच्छता का संदेश
सरस्वती शिशु मंदिर के विद्यार्थियों दी आकर्षक प्रस्तुति
डीआरएम ने की नाटक की प्रशंसा
रायपुर/रायपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक एक पर यात्रियों एवं आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आज स्वच्छता विषय पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया.
सरस्वती शिशु मंदिर देवेंद्र नगर विद्यालय के विद्यार्थी कलाकारों ने प्रभावशाली अभिनय, संवाद और संदेशों के माध्यम से स्टेशन परिसर को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया.
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यात्रियों से अपील की गई कि वे प्लेटफॉर्म पर कूड़ा-कचरा इधर-उधर न फेंकें, निर्धारित कूड़ेदान का उपयोग करें तथा रेलवे स्टेशन की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें.
विद्यार्थी कलाकारों ने यह भी संदेश दिया कि स्वच्छ रेलवे स्टेशन केवल रेलवे प्रशासन की नहीं बल्कि प्रत्येक यात्री और नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है.
नाटक के दौरान कलाकारों ने आकर्षक संवादों एवं नारों के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जागरूकता पैदा की.
सभी यात्रियों ने नुक्कड़ नाटक को उत्सुकता से देखा और स्वच्छता अभियान के संदेश की सराहना की.
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित यात्रियों एवं नागरिकों से “स्वच्छ स्टेशन,स्वच्छ भारत” के संकल्प के साथ अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने का आह्वान किया गया.
कार्यक्रम में रेल्वे डिपार्टमेंट के डीआरएम श्री दयानंद,रायपुर रेल्वे स्टेशन के मुख्य प्रबंधक श्री आर.पी.मंडल सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं सरस्वती शिशु मंदिर के सचिव श्री संजय जोशी,प्राचार्य श्री कैलाश तारक सहित समस्त शिक्षकगण उपस्थित थे.
